, ,

इंदौर में भारत-न्यूजीलैंड वनडे का रोमांच शुरू, दोनों टीमें पहुंचीं शहर

Author Picture
Published On: 15 January 2026

भारत और न्यूजीलैंड की टीमें गुरुवार को इंदौर पहुंच गईं। एयरपोर्ट पर सबसे पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज और मुख्य कोच गौतम गंभीर नजर आए। दोनों टीमों के खिलाड़ी एयरपोर्ट से सीधे होटल के लिए रवाना हुए। खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए एयरपोर्ट और होटल के बाहर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया।

टीमों के आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर होटल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के लिए अलग-अलग बसों की व्यवस्था की गई। होटल परिसर और आसपास के इलाकों में हर आने-जाने वाले की सघन जांच की जा रही है। विराट कोहली और रोहित शर्मा के इंदौर पहुंचने की खबर ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

18 जनवरी को होगा मुकाबला

इंदौर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का अंतिम मुकाबला 18 जनवरी को खेला जाएगा। यह मैच होलकर स्टेडियम में आयोजित होगा। गुरुवार शाम कुछ खिलाड़ी अभ्यास के लिए स्टेडियम पहुंच सकते हैं, जबकि अगले दो दिनों तक दोनों टीमें दोपहर और शाम के सत्र में आधिकारिक अभ्यास करेंगी।

होलकर स्टेडियम की दर्शक क्षमता करीब 26 हजार है। यहां अब तक 7 वनडे मुकाबले खेले जा चुके हैं और सभी में भारत को जीत मिली है। इंदौर में पिछला वनडे मुकाबला वर्ष 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की थी। इस आंकड़े ने घरेलू दर्शकों की उम्मीदें और मजबूत कर दी हैं।

मौसम रहेगा पूरी तरह अनुकूल

मैच के दिन इंदौर में मौसम साफ रहने की संभावना है। पूरे दिन धूप खिली रहेगी और बारिश की कोई आशंका नहीं है। तापमान 13 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ठंड के कारण पिच पर हल्की तेजी देखने को मिल सकती है, हालांकि ज्यादा ओस पड़ने की संभावना नहीं है।

कैसी होगी इंदौर की पिच

होलकर स्टेडियम के चीफ पिच क्यूरेटर मनोहर जामले के अनुसार, पिच काली मिट्टी से तैयार की गई है और लगभग पूरी तरह तैयार है। इंदौर में पहले भी हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं और इस बार भी बल्लेबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। ठंड और ओस के कारण बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा मिल सकता है।

मैच का लाइव प्रसारण

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखा जा सकेगा। इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार एप पर उपलब्ध रहेगी। क्रिकेट प्रेमी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर भी पल-पल के अपडेट्स हासिल कर सकेंगे।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp