भारत-वेस्टइंडीज टेस्ट: जेडेन सील्स पर आईसीसी की कार्रवाई, कुलदीप यादव ने चमकाई भारतीय पारी

Author Picture
Published On: 12 October 2025

भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन एक विवाद सामने आया, जब वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडेन सील्स ने गेंदबाजी के दौरान गुस्से में आकर गेंद यशस्वी जायसवाल की ओर फेंक दी। गेंद सीधे बल्लेबाज के पैड पर लगी, जिसके बाद आईसीसी ने इसे अनुचित व्यवहार मानते हुए कार्रवाई की।

आईसीसी की अनुशासन समिति ने सील्स को लेवल-1 आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी ठहराया है। इसके तहत उनकी मैच फीस का 25% जुर्माना काटा गया और एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

आईसीसी ने बयान जारी कर कहा, “सील्स ने अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन किया है, जो किसी खिलाड़ी की ओर या उसके पास अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद या अन्य उपकरण फेंकने से संबंधित है।”

भारत का दबदबा कायम

मैच के तीसरे दिन भारत ने अपनी पहली पारी को 518/5 पर घोषित करते हुए वेस्टइंडीज पर भारी बढ़त बना ली। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम पहली पारी में 248 रनों पर ढेर हो गई। भारत ने इसके बाद मेहमान टीम को फॉलोऑन दिया।

दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की शुरुआत अपेक्षाकृत बेहतर रही। जॉन कैंपबेल (87)* और शै होप (66)* ने संघर्षपूर्ण पारी खेलते हुए 138 रनों की अटूट साझेदारी की। तीसरे दिन के अंत तक वेस्टइंडीज का स्कोर 173/2 रहा, हालांकि वे अब भी भारत से 97 रन पीछे हैं।

पांच विकेट झटके

टीम इंडिया के स्पिनर कुलदीप यादव एक बार फिर चमके। उन्होंने वेस्टइंडीज की पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए। यह उनके टेस्ट करियर में पांचवीं बार था जब उन्होंने पांच या उससे ज्यादा विकेट झटके।

कुलदीप की गेंदबाजी के सामने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बेबस नजर आए। वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने पुछल्ले बल्लेबाजों को निपटाकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।

इतिहास में दर्ज

दिलचस्प बात यह है कि 2016 के किंग्सटन टेस्ट के बाद यह पहला मौका है जब वेस्टइंडीज की कोई जोड़ी भारत के खिलाफ पूरा सत्र खेल पाई। तब रोस्टन चेज और जेसन होल्डर ने पांचवें दिन 19 ओवर तक डटे रहे थे।

वर्तमान टेस्ट में भी वेस्टइंडीज ने हार नहीं मानी है। टीम ने चौथे दिन तक खेल को खींचकर दिखाया कि उसका हौसला अभी टूटा नहीं है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp