T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की बढ़ीं मुश्किलें, ICC ने दिखाया कड़ा रुख; दी आखिरी चेतावनी

Author Picture
Published On: 3 February 2026

ICC ने विश्व कप में पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार के फैसले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने इसे वैश्विक टूर्नामेंट के आयोजन की मूल भावना के विपरीत बताया और कहा कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सभी योग्य टीमों से तय कार्यक्रम के अनुसार समान शर्तों पर खेलने की अपेक्षा की जाती है। आईसीसी का मानना है कि खेल को राजनीतिक या अन्य कारणों से अलग रखा जाना चाहिए ताकि टूर्नामेंट की निष्पक्षता और खेल भावना बनी रहे।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारत से मैच खेलने के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को सख्त रुख अपनाते हुए आखिरी चेतावनी दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ICC ने साफ शब्दों में कहा है कि टूर्नामेंट के तय कार्यक्रम और नियमों का पालन करना सभी सदस्य देशों के लिए अनिवार्य है।

ICC ने दिखाया कड़ा रुख

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पाकिस्तान सरकार ने 1 फरवरी 2026 की शाम को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को निर्देश दिया कि वह टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ कोई भी मैच न खेले। इस सरकारी आदेश के चलते पाकिस्तान ने 15 फरवरी 2026 को भारत के साथ होने वाले मुकाबले के बहिष्कार का फैसला किया। अब इस निर्णय पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सख्त रुख अपनाते हुए पाकिस्तान को चेतावनी जारी की है और स्पष्ट किया है कि टूर्नामेंट के नियमों का उल्लंघन करने पर पाकिस्तान को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

पाकिस्तान को दी चेतावनी

आईसीसी ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए उसके फैसले पर प्रतिक्रिया दी है। रविवार को जारी बयान में आईसीसी ने कहा कि पाकिस्तान सरकार द्वारा टीम को टी-20 विश्व कप में चुनिंदा रूप से भाग लेने का निर्देश देने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अभी तक पीसीबी की ओर से कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है।

आईसीसी ने साफ किया कि किसी वैश्विक टूर्नामेंट में चुनिंदा भागीदारी की अवधारणा स्वीकार्य नहीं है, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं तय कार्यक्रम के अनुसार सभी टीमों की समान और निष्पक्ष भागीदारी पर आधारित होती हैं। आईसीसी के मुताबिक, किसी एक मैच या प्रतिद्वंद्वी से दूरी बनाना टूर्नामेंट की निष्पक्षता, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को कमजोर करता है।

ICC ने याद दिलाई जिम्मेदारी

आईसीसी ने साफ शब्दों में कहा है कि वह राष्ट्रीय नीतियों से जुड़े मामलों में सरकारों की भूमिका का सम्मान करती है, लेकिन ऐसा फैसला न तो वैश्विक क्रिकेट के हित में है और न ही दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों के लिए उचित है। परिषद ने उम्मीद जताई है कि पीसीबी अपने देश में क्रिकेट के भविष्य पर पड़ने वाले दीर्घकालिक और गंभीर प्रभावों पर गंभीरता से विचार करेगा, क्योंकि इस तरह के निर्णय वैश्विक क्रिकेट पारिस्थितिकी तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं, जिसका पीसीबी एक अहम सदस्य और लाभार्थी है।

आईसीसी ने दोहराया कि उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता टी-20 विश्व कप 2026 का सफल आयोजन है और इस लक्ष्य को पूरा करना पीसीबी सहित सभी सदस्य बोर्डों की साझा जिम्मेदारी है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp