टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इन दिनों क्रिकेट से ज़्यादा अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर चर्चा में हैं। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के कुछ ही महीने बाद उन्होंने सबको चौंकाते हुए लंदन में शिफ्ट होने का फैसला लिया। फैन्स के बीच सवाल उठने लगे कि जब उनके पास भारत में शानदार बंगले और आलीशान जिंदगी है तो आखिर लंदन जाने की जरूरत क्यों पड़ी?
अब खुद कोहली ने इस रहस्य से पर्दा उठा दिया है। उन्होंने जियोस्टार से बातचीत में बताया कि टेस्ट क्रिकेट छोड़ने के बाद वे अपने जीवन का एक नया अध्याय जीना चाहते थे। कोहली ने कहा, “जब से मैंने टेस्ट क्रिकेट छोड़ा है, मैं बस अपनी ज़िंदगी जी रहा हूं। कई सालों तक क्रिकेट के चलते अपने परिवार के साथ ज्यादा वक्त नहीं बिता पाया। अब वही वक्त पूरा कर रहा हूं अपने बच्चे और परिवार के साथ। ये समय मेरे लिए बहुत खूबसूरत रहा।”
रिटायरमेंट की घोषणा
दरअसल, कोहली ने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट की घोषणा की थी। इसके बाद उन्होंने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को पहली बार खिताब जिताया, जो उनके करियर का बड़ा सपना था। इसके तुरंत बाद वे लंदन चले गए, जहां कुछ हफ्तों तक उन्होंने अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और बच्चों के साथ वक्त बिताया। हालांकि, अब कोहली ऑस्ट्रेलिया में चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में वापसी कर चुके हैं। आज पर्थ में खेले जा रहे पहले वनडे में वे मैदान पर उतरे, लेकिन उनका बल्ला कुछ खास नहीं कर सका। उन्होंने 8 गेंदों का सामना किया और बिना रन बनाए आउट हो गए। फैंस को उम्मीद थी कि कोहली शानदार वापसी करेंगे, लेकिन उनकी पारी बेहद निराशाजनक रही।
फिर भी, क्रिकेट एक्सपर्ट्स मानते हैं कि कोहली के लिए यह सिर्फ एक खराब दिन था। लंबे ब्रेक के बाद वापसी कर रहे बल्लेबाज के लिए लय पाना हमेशा आसान नहीं होता। कोहली का कहना है कि अब उनका फोकस “कम क्रिकेट, ज्यादा बैलेंस्ड लाइफ” पर है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “मैंने अब सीखा है कि क्रिकेट के बाहर की ज़िंदगी भी उतनी ही जरूरी है जितनी मैदान पर की।” फैन्स को उम्मीद है कि अगले दो वनडे में किंग कोहली फिर अपने पुराने अंदाज़ में नजर आएंगे और बल्ले से वही धमक दिखाएंगे जिसके लिए वो जाने जाते हैं।
