बिहार की राजनीति में काफी हलचल भरा रहा। राजधानी पटना में सुबह से लेकर देर शाम तक लगातार बैठकों और राजनीतिक घटनाक्रम का दौर चलता रहा। आखिरकार तय हो गया कि NDA की ओर से नीतीश कुमार ही सरकार का नेतृत्व करेंगे। उन्हें औपचारिक रूप से NDA विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। अब वे थोड़ी देर में राजभवन जाकर मौजूदा सरकार से इस्तीफा देने के साथ-साथ नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
सबसे बड़ी खबर ये है कि नीतीश कुमार गुरुवार दोपहर 1.30 बजे गांधी मैदान में CM पद की शपथ लेंगे। शपथ समारोह काफी भव्य होने वाला है क्योंकि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के लगभग 11 राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे। ऐसे में पूरा गांधी मैदान और पटना शहर बुधवार रात से ही सुरक्षा के घेरे में आ जाएगा।
हुई बैठक
उधर, बीजेपी ऑफिस में सुबह 11 बजे हुई बैठक में बड़े फैसले लिए गए। पार्टी ने सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना है और विजय सिन्हा को उपनेता, यानी अब दोनों ही डिप्टी CM की कुर्सी संभालेंगे। यह पहले से साफ था कि इस बार भाजपा सरकार में बड़ी हिस्सेदारी चाहती है और उसके फैसलों में आज वही झलक दिख गई। JDU में भी आज विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुना गया। इससे पहले भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक केशव प्रसाद मौर्य, अर्जुन राम मेघवाल और साध्वी निरंजन ज्योति पटना पहुंच चुके थे ताकि पूरे राजनीतिक समीकरण को अंतिम रूप दिया जा सके।
खींचतान जारी
इस बीच मंत्रियों की लिस्ट को लेकर भी खींचतान जारी है। आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पटना पहुंचेंगे। वे पहले नीतीश कुमार से मुलाकात करेंगे, फिर भाजपा नेताओं संग बैठक कर कैबिनेट के नामों पर मुहर लगाएंगे। उधर NDA के दूसरे बड़े सहयोगी LJP(R) प्रमुख चिराग पासवान ने भी अपनी मांगें साफ कर दी हैं। सूत्रों के मुताबिक, चिराग ने दो मंत्री पद और एक डिप्टी CM की मांग रखी है। साथ ही वे अपने बहनोई अरुण भारती का नाम भी आगे बढ़ा सकते हैं। LJP(R) ने इस बार 19 सीटें जीतकर NDA में अपनी ताकत पहले ही दिखा दी है।
