, ,

MP में दो दिन राहत, फिर लौटेगी ठंड; फरवरी भर रहेगा मौसम का मिजाज बदलता

Author Picture
Published On: 10 February 2026

MP में फिलहाल लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में तेज ठंड का असर नहीं रहेगा। इस दौरान दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। खासकर सुबह और रात में ठंड बनी रहेगी, लेकिन दिन में धूप की तपिश महसूस होगी।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। साथ ही पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश की संभावना बनी हुई है। इसी सिस्टम के कारण ठंडी हवाओं की रफ्तार फिलहाल कमजोर पड़ी है, जिससे मध्य प्रदेश में तापमान में अस्थायी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। फिलहाल प्रदेश में बारिश के कोई आसार नहीं हैं।

रात में ठंड का असर

सोमवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिनभर तेज धूप खिली रही। इससे अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि रात और अलसुबह ठंड का असर बरकरार रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिन भी ऐसा ही मिजाज बना रहेगा।

लौटेगी ठिठुरन

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के अनुसार, जैसे ही चक्रवाती सिस्टम आगे बढ़ेगा और पहाड़ों पर जमी बर्फ पिघलेगी, वैसे ही उत्तर भारत से ठंडी हवाएं दोबारा सक्रिय होंगी। इसका असर 13, 14 और 15 फरवरी को मध्य प्रदेश में देखने को मिलेगा। इन दिनों न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर फिर बढ़ जाएगा।

13 शहरों में 10 डिग्री से नीचे पारा

रविवार और सोमवार की रात प्रदेश के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। कटनी का करौंदी सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां पारा 5.9 डिग्री तक गिर गया। शहडोल के कल्याणपुर और खजुराहो में 6.4 डिग्री, पचमढ़ी में 7.4 डिग्री और अमरकंटक में 7.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

बड़े शहरों में भी रही ठंड

पांच बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री, ग्वालियर में 10.6 डिग्री, इंदौर में 11.2 डिग्री, जबलपुर में 11.4 डिग्री और उज्जैन में 12.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि फरवरी महीने में ऐसे ही उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp