, , ,

MP में बदला मौसम का मिजाज, 28 जिलों में बारिश का अलर्ट; ठंड बढ़ने के आसार

Author Picture
Published On: 27 January 2026

MP में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मंगलवार को गुना, बड़वानी, धार के मनावर और मुरैना में मावठा दर्ज किया गया, जिससे सर्दी और नमी दोनों का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने भोपाल और ग्वालियर सहित प्रदेश के 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। यह बदलाव हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम और ट्रफ लाइन के कारण हो रहा है, जिसका प्रभाव अगले दो दिनों तक प्रदेश में बना रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 27 जनवरी को भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, देवास, विदिशा, सीहोर, हरदा, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, रायसेन, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना और पन्ना में बादल छाने और बारिश होने की संभावना है।

MP में बदला मौसम का मिजाज

28 जनवरी को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल और कटनी में भी बारिश का अनुमान जताया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 30 जनवरी को एक नया सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है। इसके दो से तीन दिन बाद इसका असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई दे सकता है। ऐसे में फरवरी की शुरुआत में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है।

तापमान में गिरावट की संभावना

बारिश और ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरने का अनुमान लगाया है। कई शहरों में रात का तापमान फिर से 10 डिग्री से नीचे जा सकता है, जिससे ठंड का असर और तेज हो जाएगा।

सबसे ज्यादा ठंड

हाल के दिनों में प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिला है। रीवा में कोहरा इतना घना रहा कि 50 मीटर दूर तक देखना मुश्किल हो गया। सोमवार रात राजगढ़ सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। दतिया और शिवपुरी में तापमान 8 डिग्री के आसपास रहा, जबकि पचमढ़ी में 8.2 डिग्री और नौगांव में 8.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 7.8 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल में 11.2 डिग्री, इंदौर में 12.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में 13.6 डिग्री तापमान रहा।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp