ग्वालियर में मौसम इन दिनों तेजी से करवट ले रहा है। दिन के साथ अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को देर रात तक हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार सुबह तापमान 13 डिग्री सेल्सियस था। लगातार बढ़ते तापमान ने संकेत दे दिए हैं कि सर्दी अब विदाई की ओर है और गर्मी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है।
मौसम के इस बदलाव का असर सुबह और शाम दोनों समय दिखाई दे रहा है। सुबह जल्दी उजाला होने लगा है और लोग टहलने व अन्य गतिविधियों के लिए पहले से अधिक संख्या में बाहर निकल रहे हैं। वहीं शाम को भी बाजारों और सड़कों पर देर तक चहल-पहल बनी रहती है। हालांकि दोपहर की तेज धूप लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर रही है। पिछले कुछ दिनों में गर्म कपड़ों का इस्तेमाल भी कम हो गया है।
ग्वालियर में मौसम ने बदली चाल
बदलते मौसम ने लोगों की दिनचर्या में भी बदलाव ला दिया है। जहां कुछ दिन पहले तक सुबह-शाम स्वेटर और जैकेट आम थे, वहीं अब हल्के कपड़ों में लोग नजर आ रहे हैं। स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वालों के समय में भी थोड़ा परिवर्तन देखा जा रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर भीड़ कम हो रही है, जबकि सुबह और शाम की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। शहर के अस्पतालों में सर्दी, जुकाम, बुखार, आंखों में जलन और नाक में खुजली जैसी शिकायतों के मरीज बढ़ रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि मौसम बदलने के दौरान शरीर को नए तापमान के अनुसार ढलने में समय लगता है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
सावधानी जरूरी
डॉ. अजय पाल के अनुसार, बदलते मौसम में लापरवाही भारी पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि सर्दी की विदाई के समय तापमान में अचानक बदलाव से बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक असर पड़ता है। ऐसे में बच्चों को अभी पूरी तरह गर्म कपड़ों से दूर न करें और बुजुर्गों को सुबह-शाम ठंडी हवा से बचाएं। पर्याप्त पानी पीना और संतुलित आहार लेना भी जरूरी है।
