, , ,

पश्चिमी विक्षोभ का असर, MP में ओले-बारिश और कोहरे का कहर; बिजली गिरने से किसान की मौत

Author Picture
Published On: 3 February 2026

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से MP का मौसम पूरी तरह बदल गया है। बीती रात से मंगलवार सुबह तक प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि, बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिला। कई जगहों पर अचानक बदले मौसम ने जनजीवन को प्रभावित किया। शिवपुरी जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की झोपड़ी में ही जलकर मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

ग्वालियर और मंदसौर जिले में ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं। वहीं भोपाल, भिंड, छतरपुर, राजगढ़, आगर-मालवा और गुना सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण ठंड और नमी बढ़ गई है। रायसेन में सुबह ओस की बूंदें जमने जैसी स्थिति देखी गई, जो मौसम में बढ़ती ठंड और नमी को दर्शाती है।

MP में ओले-बारिश

मौसम विभाग ने भोपाल, ग्वालियर, रीवा समेत करीब 20 जिलों में मावठा गिरने का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार सुबह भोपाल और सीहोर में विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर तक रह गई, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। विशेषज्ञों के अनुसार मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है, जिसके चलते बादल, बारिश और कोहरे का असर बना हुआ है।

कोहरे की चादर में लिपटे कई शहर

दतिया, रायसेन, उज्जैन, मुरैना, देवास, धार, इंदौर, खजुराहो, रीवा, सतना, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, राजगढ़, रतलाम, श्योपुर और शिवपुरी सहित कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा। इसके अलावा मंडला, नौगांव, टीकमगढ़ और मलाजखंड में भी मध्यम से घने कोहरे का असर देखा गया। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात दोनों प्रभावित हुए हैं।

ट्रेनों की रफ्तार धीमी

घने कोहरे की वजह से दिल्ली से भोपाल और इंदौर आने वाली कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। हालांकि रात के तापमान में अभी ज्यादा गिरावट नहीं आई है और अधिकांश शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का दौर थमने के बाद प्रदेश में ठंड का असर और बढ़ सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, 4 फरवरी को शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। 5 फरवरी को राजगढ़, गुना, अशोकनगर सहित कई जिलों में कोहरे का असर रहेगा। वहीं 6 फरवरी को गुना, ग्वालियर, शिवपुरी, रीवा, सतना और आसपास के जिलों में कोहरा बने रहने का अनुमान है।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp