, ,

भाजपा युवा मोर्चा की बैठक, हेमंत खंडेलवाल बोले- ‘बड़ा फोटो लगाने से पद नहीं मिलता, समाज में विशिष्ट छवि बनाएं’

Author Picture
Published On: 21 July 2025

भोपाल | भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई। बैठक को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने संबोधित किया।

बैठक में हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन और सार्वजनिक छवि पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि संघ परिवार के स्वयंसेवक जब घर आते हैं, तो चप्पल तक करीने से रखते हैं। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता की भी पहचान ऐसी होनी चाहिए कि लोग कहें। यह NSUI का नहीं, भाजयुमो का कार्यकर्ता है।

“खुद की ब्रांडिंग नहीं”

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता खुद के प्रचार में समय बर्बाद न करें, बल्कि पार्टी और सरकार के कार्यों को प्रचारित करें। उन्होंने कहा कि आप कहां घूमने गए हैं, ट्रेन में सफर कर रहे हैं, ये पोस्ट करने से आपकी छवि कमजोर होती है। सोशल मीडिया पर वही चीज डालें, जो समाज और पार्टी के काम की हो। खंडेलवाल ने युवाओं से कहा कि हर कार्यकर्ता को समाज में अपनी अलग पहचान बनानी चाहिए। उन्होंने कहा, “आप पर्यावरण प्रेमी, स्वच्छता दूत या हेलमेट पहनने वाले जिम्मेदार नागरिक के रूप में पहचाने जाएं। समाज अगर आपको सम्मान देगा, तो पार्टी को भी देगा।”

‘होर्डिंग में बड़ा फोटो लगाने से भविष्य नहीं बनता’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “होर्डिंग में बड़ा फोटो लगाने से न पद मिलेगा, न भविष्य बनेगा। जिसने खुद की चिंता की, वह कहीं नहीं पहुंचा। पार्टी की चिंता करने वाला ही आगे बढ़ा है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से कारगिल विजय दिवस विधानसभा स्तर पर मनाने और 15 अगस्त पर तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारी करने को भी कहा।

फर्जी दस्तावेजों पर पद पाने की कोशिश: हितानंद शर्मा

संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने बिना नाम लिए कुछ कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “युवा मोर्चा में 35 साल की आयु सीमा तय है। हालांकि, कुछ लोग आधार और मार्कशीट में बदलाव कर उम्र कम दिखाते हैं। ऐसे मामलों की शिकायतें मिली हैं और जांच में सत्य सामने आ गया है।” उन्होंने बताया कि जब प्रदेश से राष्ट्रीय पदाधिकारियों के लिए नाम भेजे गए तो दस्तावेजों में गड़बड़ी के कारण कई नाम अस्वीकृत कर दिए गए। शर्मा ने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे दीर्घकालिक सोच के साथ पार्टी के लिए निष्ठा से काम करें।

Related News
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp