भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने सोमवार को भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पार्टी की नीतियों और स्वदेशी अभियान पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी के मंत्र को अब जन अभियान में बदला जा रहा है और देशभर में इसके तहत कई कार्यक्रम और सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि हर देश अपने उत्पाद पर ध्यान दे रहा है, और भारत भी तेजी से हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है।
स्वदेशी पहल
अरुण सिंह ने कहा, “रक्षा के साथ-साथ कई उत्पाद अब भारत में ही बनाए जा रहे हैं। भारत के सामान की मांग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही है। अब भारत में चिप और सेमीकंडक्टर भी तैयार किए जा रहे हैं।” उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पूर्व सरकार ने कभी इंफ्रास्ट्रक्चर और अर्थव्यवस्था को प्राथमिकता नहीं दी। “कांग्रेस की सरकार में ढाई लाख करोड़ खर्च होते थे, जबकि आज 12 लाख करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं।”
हेमंत खंडेलवाल ने नेताओं को दी नसीहत
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद हुई रन फॉर यूनिटी बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने नेताओं को कार्यप्रणाली सुधारने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कई बार चार-पांच लोग काम करते हैं, जबकि बाकी केवल कागजों में दिखाई देते हैं। उनका जोर था कि टीम में सभी समाजों का समावेश होना चाहिए। उन्होंने कहा, “जो टीम मजबूत होगी वही चुनाव में मुकाबला कर पाएगी। जनता तक योजना पहुंचेगी तभी राजनीतिक लाभ मिलेगा। किसानों को यह पता होना चाहिए कि सरकार उनके लिए काम कर रही है।”
आज भोपाल के दक्षिण – पश्चिम विधानसभा में आयोजित ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित विधानसभा सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं इस अभियान के राष्ट्रीय संयोजक श्री @ArunSinghbjp जी एवं मुख्यमंत्री @DrMohanYadav51 जी के साथ सहभागिता कर सम्मेलन को संबोधित किया।… pic.twitter.com/m0YHfqBbXk
— Hemant Khandelwal (@Hkhandelwal1964) October 14, 2025
बिहार सरकार द्वारा महिलाओं को रोजगार हेतु 10 हजार रुपए दिए जाने पर अरुण सिंह ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता देश की विकास दर बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि यह राशि महिलाओं को सक्षम बनाने और उन्हें आजीविका से जोड़ने के लिए दी जा रही है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के संदर्भ में भी कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रचार में शामिल होंगे, क्योंकि वहां उनकी मांग अधिक है।
दिवाली पर स्वदेशी का संदेश
अरुण सिंह ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प पर कहा कि इसे कानून के माध्यम से नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति के संकल्प और व्यवहार से लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों का उपयोग कर स्थानीय रोजगार को बढ़ावा दिया जा सकता है। विहिप की दिवाली पर अपनों से स्वदेशी खरीदने की अपील पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से भारत में बनी वस्तुएं ही स्वदेशी मानी जाएंगी, जो भारत की मिट्टी और नौजवानों के परिश्रम की पहचान हों।
