मध्य प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने गुरुवार को अपनी नई टीम का ऐलान किया। केंद्रीय मुख्यालय से जारी सूची में प्रदेश महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री और अन्य पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं। सूची के अनुसार, लता वानखेड़े, सुमेर सोलंकी, गौरव रणदिवे और राहुल कोठारी को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल को दोबारा जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें विधानसभा चुनाव से पहले लोकेंद्र पाराशर की जगह यह काम सौंपा गया था। श्याम महाजन को प्रदेश कार्यालय मंत्री और अखिलेश जैन को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही चार मोर्चों के अध्यक्षों में भी बदलाव हुआ है।
बनाए गए 9 उपाध्यक्ष
नई टीम में रणबीर रावत, कांतदेव सिंह, प्रभुराम चौधरी, शैलेंद्र बरुआ, मनीषा सिंह, नंदिता पाठक, सुरेंद्र शर्मा, निशांत खरे और प्रभुलाल जाटव को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व विधायक रणबीर रावत, जो पहले महामंत्री थे, अब उपाध्यक्ष बने हैं। मनीषा सिंह को प्रदेश मंत्री से प्रमोट कर उपाध्यक्ष बनाया गया है। शैलेंद्र बरुआ, प्रभुलाल जाटव और प्रभुराम चौधरी को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। कांतदेव सिंह और निशांत खरे को भी उपाध्यक्ष पद मिला है।
भारतीय जनता पार्टी के आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @JPNadda जी की सहमति से @BJP4MP के पदाधिकारियों की घोषणा की जाती है।
मैं सभी नव-नियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ। निश्चित रूप से आपका मनोनय संगठन को नई शक्ति और ऊर्जा प्रदान करेगा।
मुझे पूर्ण… pic.twitter.com/QOF3i5LlYL
— Hemant Khandelwal (@Hkhandelwal1964) October 23, 2025
9 नेता बने प्रदेश मंत्री
नई टीम में रजनीश अग्रवाल, लोकेंद्र पाराशर, जयदीप पटेल, क्षितिज भट्ट, संगीता सोनी, राजेंद्र सिंह, अर्चना सिंह, राजो मालवीय और बबीता परमार को प्रदेश मंत्री बनाया गया है।
पहले की टीम के कई पदाधिकारी बने सांसद और मंत्री
पूर्व टीम के कई पदाधिकारी अब विधानसभा और संसद में सक्रिय हैं।
| नाम | पूर्व पद | वर्तमान पद |
|---|---|---|
| नागर सिंह चौहान | पूर्व उपाध्यक्ष | अब कैबिनेट मंत्री |
| आलोक शर्मा | पूर्व उपाध्यक्ष | अब भोपाल सांसद |
| संध्या राय | पूर्व उपाध्यक्ष | अब भिंड सांसद |
| सुमित्रा वाल्मीकि | पूर्व उपाध्यक्ष | अब राज्यसभा सांसद |
| कविता पाटीदार | पूर्व महामंत्री | अब राज्यसभा सांसद |
| लता वानखेड़े | पूर्व मंत्री | अब सागर सांसद |
| आशीष दुबे | पूर्व मंत्री | अब जबलपुर सांसद |
| चिंतामणि मालवीय | पूर्व उपाध्यक्ष | अब आलोट विधायक |
| ललिता यादव | पूर्व उपाध्यक्ष | अब छतरपुर विधायक |
| भगवानदास सबनानी | पूर्व महामंत्री | अब भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधायक |
| हरिशंकर खटीक | पूर्व महामंत्री | अब जतारा विधायक |
| मनीषा सिंह | पूर्व मंत्री | अब जयसिंहनगर विधायक |
खंडेलवाल की नई टीम में अनुभव और नए चेहरों का संतुलन देखने को मिलता है। पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी नगरीय निकाय और स्थानीय चुनावों की तैयारी के लिए इसे अहम कदम माना जा रहा है।
