टाटा समूह की Air India ने घोषणा की है कि वह आगामी 1 फरवरी 2026 से दिल्ली से चीन के शंघाई के लिए नॉन-स्टॉप उड़ान सेवा शुरू करेगी। यह नई अंतरराष्ट्रीय सेवा सप्ताह में चार दिन मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, विमान दिल्ली से दोपहर 12 बजे उड़ान भरेगा और स्थानीय समयानुसार रात 8:20 बजे शंघाई पहुंचेगा। इस कदम से भारत और चीन के बीच हवाई कनेक्टिविटी को एक बार फिर मजबूती मिलेगी।
टाटा समूह की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया अगले साल फरवरी से चीन के शंघाई के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। कंपनी ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 01 फरवरी 2026 से दिल्ली से शंघाई के बीच नॉन-स्टॉप उड़ानें शुरू की जाएंगी।
Air india फ्लाइट फिर से हुई शुरू
एयर इंडिया ने जानकारी दी है कि शंघाई से वापसी की उड़ान रात 10 बजे (स्थानीय समय) रवाना होकर अगले दिन तड़के 3:15 बजे दिल्ली पहुंचेगी। एयरलाइन अगले साल मुंबई से शंघाई के लिए भी उड़ान सेवा शुरू करने की योजना बना रही है, हालांकि इसके लिए अभी नियामकीय मंजूरियों का इंतजार है। मार्च 2020 में कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए भारत-चीन के बीच उड़ानें बंद कर दी गई थीं, लेकिन इस साल अक्टूबर में दोनों देशों के बीच सीधी उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू हुईं।
दिल्ली से शंघाई के लिए नई फ्लाइट
एयर इंडिया ने घोषणा की है कि शंघाई उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में शामिल होने वाला 48वां शहर होगा। इस नई उड़ान सेवा में बोइंग 787-8 विमान का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसमें बिज़नेस क्लास की 18 फ्लैट-बेड सीटें और इकोनॉमी क्लास की 238 सीटें उपलब्ध होंगी। एयर इंडिया के सीईओ और एमडी कैम्पबेल विलसन ने कहा कि दिल्ली–शंघाई उड़ानें दो महान राष्ट्रों, प्राचीन सभ्यताओं और आधुनिक अर्थव्यवस्थाओं के प्रमुख केंद्रों के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेंगी।
कनेक्टिविटी में होगी बढ़ोतरी
एयर इंडिया के कार्यकारी निदेशक के अनुसार, दिल्ली और शंघाई के बीच नॉन-स्टॉप उड़ानों का दोबारा शुरू होना सिर्फ एक नए रूट की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह भारत और चीन दो प्राचीन सभ्यताओं और आधुनिक आर्थिक शक्तियों के बीच एक मजबूत पुल का काम करेगा। इस कदम से दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण एयर कॉरिडोर में से एक फिर से सक्रिय होगा, जिससे यात्रियों, व्यापार, शिक्षा, संस्कृति और कई अन्य क्षेत्रों में नए अवसर बढ़ेंगे। उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया ने साल 2000 में ही चीन के लिए अपनी पहली नॉन-स्टॉप उड़ान सेवा शुरू की थी।
