MP बीजेपी में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को अपनी टीम में तीन नई नियुक्तियों की घोषणा की। पार्टी के भीतर अलग-अलग मोर्चों और प्रकोष्ठों के संचालन को बेहतर बनाने के लिए इन नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उधर देवास जिले में पार्टी ने एक पदाधिकारी पर गाज गिराते हुए उन्हें संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
तीन पदों पर नई नियुक्ति
प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जारी आदेश के अनुसार मनोरंजन मिश्रा को प्रदेश मोर्चा प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वे बीजेपी के सभी मोर्चों युवा, महिला, किसान, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और अन्य सभी संगठनात्मक मोर्चों की गतिविधियों का समन्वय संभालेंगे। माना जा रहा है कि मिश्रा की नियुक्ति से मोर्चों की सक्रियता बढ़ाने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ ही, आशुतोष तिवारी को प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी बनाया गया है। प्रकोष्ठ बीजेपी की विशेषज्ञ इकाइयां होती हैं, जिनमें डॉक्टर्स सेल, एडवोकेट्स सेल, इंजीनियर्स सेल, आईटी सेल समेत कई विभाग शामिल हैं। तिवारी इन सभी प्रकोष्ठों के बीच तालमेल, कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग और विस्तार संगठन की जिम्मेदारी निभाएंगे।
संगठनात्मक ढांचे में एक और महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए जितेंद्र लिटोरिया को प्रदेश कार्यालय व्यवस्था प्रभारी बनाया गया है। वे न केवल प्रदेश कार्यालय की गतिविधियों का संचालन देखेंगे, बल्कि जिलों के कार्यालयों की व्यवस्था और अनुशासन का भी जिम्मा संभालेंगे। संगठन में यह जिम्मेदारी काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है, क्योंकि इसका सीधा असर पार्टी की कार्यशैली पर पड़ता है।
देवास में कार्रवाई
उधर देवास बीजेपी जिला अध्यक्ष राय सिंह सेंधव ने एक पत्र जारी करते हुए हाट पिपल्या के प्रीतम सिंह सोलंकी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पत्र में स्पष्ट तौर पर कहा गया कि सोलंकी पर दर्ज आपराधिक प्रकरण संगठन की मर्यादा, आचरण संहिता और पार्टी के नैतिक सिद्धांतों के खिलाफ है। ऐसे में उनकी सदस्यता समाप्त करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर किया जाता है।
बीजेपी संगठन में जारी इन फेरबदल और कार्रवाइयों को आगामी राजनीतिक समीकरणों और तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रदेश में पार्टी नई टीम और अनुशासनात्मक सख्ती के साथ आने वाले समय के लिए रणनीति तैयार करती दिख रही है।
