MP विधानसभा सत्र के तीसरे दिन कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर आक्रामक रुख अपनाया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्ष का कहना है कि सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनसे जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने बंदर के हाथ में उस्तरा कहावत का सहारा लेते हुए एक अनोखा सांकेतिक प्रदर्शन किया। पार्टी का दावा है कि यह प्रतीक दर्शाता है कि सत्ता का अनुशासनहीन और गैरजिम्मेदाराना इस्तेमाल जनता के हितों को चोट पहुंचा रहा है। कांग्रेस विधायकों के हाथों में उस्तरे और पोस्टर थे, जिनके जरिए सरकार की नीतियों को खतरनाक और जनविरोधी बताया गया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार बंदर की तरह सत्ता रूपी उस्तरा चला रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी ऐतिहासिक स्तर पर पहुँच चुकी है, जबकि स्वास्थ्य ढांचा चरमरा चुका है। सिंघार ने कहा कि सरकार अपराध नियंत्रण में विफल है और किसानों के हक़ों की लगातार अनदेखी कर रही है।
युवाओं और किसानों के मुद्दे प्रमुख
सिंघार ने दावा किया कि युवाओं में रोजगार को लेकर भारी निराशा है। भर्ती परीक्षाएँ या तो रुकी हुई हैं या विवादों में घिरी रहती हैं। किसानों को समय पर समर्थन मूल्य, मुआवजा और बिजली-सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाएँ नहीं मिल रही हैं। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार ने वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देने की बजाय अपना फोकस राजनीतिक दिखावे और इवेंट मैनेजमेंट पर केंद्रित कर दिया है।
मध्यप्रदेश की महिलाएँ और बच्चियाँ लगातार गायब हो रही हैं,लेकिन भाजपा सरकार सदन में एक भी सवाल का जवाब नहीं देना चाहती।
झूठ,चुप्पी और लापरवाही बस यही भाजपा सरकार का चरित्र बन गया है।कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक महिलाओं के हक,सुरक्षा और सम्मान के लिए लड़ रही है।
महिलाओं को… pic.twitter.com/Krrxq8NpC6— Umang Singhar (@UmangSinghar) December 3, 2025
कांग्रेस विधायकों ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और पुलिस तंत्र दबाव में काम कर रहा है। विपक्ष का कहना है कि बीजेपी सरकार ने कानून-व्यवस्था को लेकर कोई ठोस रोडमैप तैयार नहीं किया, जिसके चलते आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहा है।
जनता के अधिकारों की लड़ाई
कांग्रेस विधायक दल ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों की है। सिंघार ने साफ किया कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक सरकार का लगातार घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष का कर्तव्य है कि जनता की आवाज को विधानसभा तक पहुंचाया जाए और भाजपा सरकार को उसके फैसलों के लिए जवाबदेह बनाया जाए। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस विधायकों ने दोहराया कि वे जनहित के मुद्दों पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे। पार्टी का कहना है कि जब तक सरकार अपने निर्णयों और नीतियों में पारदर्शिता नहीं लाती, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
