भोपाल | नगर निगम की 24 जुलाई को प्रस्तावित बैठक से पहले निगम प्रशासन और दोनों प्रमुख दलों की तैयारियां चरम पर पहुंच गई हैं। इस बार की बैठक कुछ मायनों में खास रहेगी। पहली बार निगम कार्यालय के मीटिंग हॉल में नया और अपग्रेड साउंड सिस्टम इस्तेमाल होगा। अब न पार्षदों को झुककर माइक में बोलना होगा और न ही तकनीकी खराबी के चलते आवाज़ें दबेंगी। मीटिंग की गूंज हर कोने तक साफ-साफ सुनाई देगी।
तकनीकी दिक्कतें होंगी खत्म
निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने बताया कि बीते कुछ समय से निगम की बैठकों के दौरान साउंड सिस्टम में बार-बार खराबी आ रही थी, जिससे प्रश्नोत्तर सत्र और बहस बाधित होती थी। इसे देखते हुए तकनीकी टीम ने बीते दो दिन से साउंड सिस्टम की टेस्टिंग की और सभी माइक की लंबाई बढ़ाकर उन्हें टेबल फ्रेंडली बनाया गया है। अब मेयर मालती राय, एमआईसी के सदस्य और पार्षद बिना झुके आराम से अपनी बात रख सकेंगे।
राजनीतिक तापमान चढ़ा
बैठक के पूर्व बीजेपी पार्षद दल की रणनीतिक बैठक महापौर मालती राय की अध्यक्षता में बुधवार शाम को आयोजित की जा रही है, जिसमें एमआईसी मेंबर भी हिस्सा लेंगे। दूसरी ओर, कांग्रेस पार्षदों ने भी अपनी अलग बैठक कर सत्ता पक्ष को घेरने की योजना तैयार कर ली है। कांग्रेस ने खासतौर पर नगर निगम की “शहर सरकार” नीति को निशाने पर रखा है।
नामकरण प्रस्ताव
इस बैठक में दो नामकरण प्रस्ताव भी पेश किए जाएंगे। पहला पुराने शहर के ओल्ड अशोका गार्डन का नाम बदलकर ‘राम बाग’ करने का है। दूसरा विवेकानंद पार्क के पास के चौराहे का नाम ‘विवेकानंद चौक’ किया जाएगा। एमआईसी ने इन दोनों प्रस्तावों को पहले ही मंजूरी दे दी है।
25 करोड़ की लागत से बनेंगे विसर्जन कुंड
बैठक के एजेंडे में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विसर्जन कुंड बनाने की योजना भी शामिल है। इसके तहत बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी में 4.45 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक कुंड का निर्माण किया जाएगा, जिसमें मॉनिटरिंग टॉवर, रिटेनिंग वॉल, लाइटिंग, गेट और हार्टिकल्चर की भी व्यवस्था होगी।
इसके अलावा, नीलबड़ में 6.01 करोड़, संजीव नगर में 4.77 करोड़, मालीखेड़ा में 2.49 करोड़ और प्रेमपुरा में 7.34 करोड़ रुपये की लागत से कुंड तैयार किए जाएंगे।
विपक्ष का हमला
नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने निगम की नीतियों पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि बैठक में पानी, सड़क और सार्वजनिक सुविधा जैसे मुद्दों पर बात होगी। कांग्रेस पार्षद योगेंद्र ‘गुड्डू’ सिंह चौहान ने भी नगर निगम पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “दीनदयाल रसोई में जहां 5 रुपये में खाना मिल रहा है। वहीं, शौचालय उपयोग के लिए शुल्क 6 से बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया गया है। क्या यह जनहित है?”
